धनतेरस

0:00

धनतेरस कब और क्यो मनाया जाता है

कार्तिक महीने (Kartik) में त्योहारों की धूम रहती है. दीपोत्सव या दिवाली (Diwali) पांच दिनों तक चलने वाला त्योहार है, जो धनतेरस से शुरू होकर भाई दूज पर समाप्त होता है. दिवाली से एक दिन पहले छोटी दिवाली या नरक चतुर्दशी मनाई जाती है और छोटी दिवाली से एक दिन पहले धनतेरस का त्योहार (Dhanteras) मनाया जाता है. धनतेरस कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है.

धनतेरस के दिन कुछ नया खरीदने की परंपरा है. माना जाता है कि धनतरेस के दिन जो भी खरीदा जाता है, वह लाभ देने वाला होता है और उसमें लगातार वृद्धि होती जाती है. लोग इस दिन को धन संपदा की वृद्धि के रूप में मनाते हैं और इसलिए इस दिन मां लक्ष्मीजी (Maa Lakshmi) की पूजा भी होती है. इसी दिन देवताओं के वैद्य और आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि का भी अवतरण हुआ था, इसीलिए इस त्योहार को ‘धनतेरस’ नाम दिया गया है.

समुद्र मंथन में प्राप्त हुए 14 रत्नों में से एक हैं धन्वंतरि हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, देवताओं और असुरों की तरफ से किए गए समुद्र मंथन के दौरान प्राप्त हुए 14 रत्नों में मां लक्ष्मी के साथ धन्वंतरि (Dhanvantari ) भी शामिल हैं. कहा जाता है कि भगवान धन्वंतरि की पूजा से आरोग्य या अच्छे स्वास्थ्य का वरदान मिलता है और आरोग्य को सबसे बड़ा धन कहा गया है, इसीलिए मां लक्ष्मीजी के साथ धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि जी की भी पूजा की जाती है.

धनतेरस कथा
एक बार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी पृथ्वी लोक में भ्रमण कर रहे थे। भगवान विष्णु ने एक स्थान पर माता लक्ष्मी को रोका और कहा कि वह दक्षिण दिशा में जा रहे हैं, जब तक वे लौटकर नहीं आते हैं तब तक आप यहीं पर रहें। ऐसा कहकर भगवान विष्णु वहां से प्रस्थान कर गए। कुछ देर के बाद माता लक्ष्मी के मन में जिज्ञासा हुई कि श्री हरि विष्णु दक्षिण में क्यों गए हैं?
माता लक्ष्मी वहां से उस दिशा में चल दीं, जिस ओर भगवान विष्णु गए थे। रास्ते में एक खेत में सरसों के पीले फूल देखकर वह अति प्रसन्न हुईं। उन्होंने उससे अपना श्रृंगार किया और आगे एक और गन्ने के खेत से गन्ना तोड़कर चूसने लगीं। तभी भगवान विष्णु वहां आ गए। माता लक्ष्मी को वहां देख कर वे नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि आपने किसान के खेत से चोरी की है और उनकी भी बात नहीं मानी है। इस वजह से आपको अब बारह साल तक किसान की सेवा करनी होगी। इसके बाद भगवान विष्णु वहां से चले गए।
माता लक्ष्मी बारह वर्षों तक उस किसान के यहां रहीं, वह बहुत सम्पन्न हो गया था। उसके पास सोने, चांदी, अन्न, आदि की कमी नहीं थी। बारह वर्षोंके बाद भगवान विष्णु माता लक्ष्मी को लेने आए, तो किसान ने उनको भेजने से मना कर दिया। तब भगवान विष्णु ने कहा कि उनके श्राप के कारण माता लक्ष्मी ने बारह साल तक तुम्हारी सेवा की है, अब ये यहां नहीं रह सकती हैं, लेकिन किसान फिर भी नहीं माना।
तब माता लक्ष्मी ने कहा कि कल त्रयोदशी तिथि है, इस दिन पूरे घर की साफ-सफाई करना, रात्रि के समय कलश में रुपये-पैसे रखकर विधि विधान से मेरी पूजा करना। मैं उस कलश में वास करूंगी, लेकिन तुम मुझे देख नहीं पाओगे। इस दिन पूजा करने से पूरे वर्ष मैं तुम्हारे घर रहूंगी। उसने माता लक्ष्मी की बात मानकर त्रयोदशी को पूजा किया, जिससे वह पहले से ज्यादा धन-धान्य से संपन्न हो गया। इस कारण से हर वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को माता लक्ष्मी की पूजा और धनतेरस कथा होने लगी।